आइये, विचार साझा करें
[ दुर्मिल सवैया – 8 सगण यानि 8 IIS ]
लछमी घर की अति नाज पली , मुख-माथ मनोहर तेज रहे
कल की कलिका ससुराल चली,नम नैनन से सब भेज रहे
मनुहार करें मनमोहन से , सँवरी सजती सुख-सेज रहे
बिटिया भगिनी भयभीत भई , पितु भ्रात दहेज सहेज रहे ||
तन मानव का मति दानव की,धन-लोलुप निर्मम दुष्ट बड़े
उजले कपड़े नकली मुखड़े , मुँह फाड़ खड़े अकड़े-अकड़े
बन हाट बजार बियाह गये , विधि नीति कुछेक गये पकड़े
कुछ युक्ति करो भय मुक्त करो,यह रीत बुरी जड़ से उखड़े ||
अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग (छत्तीसगढ़)
विजय नगर , जबलपुर (म.प्र.)