Followers

Thursday, September 26, 2019

संगीतकार व गायक हेमन्त कुमार की 30 वीं पुण्यतिथि

आज 26 सितम्बर 2019 को भारतीय फिल्म संगीत के महान संगीतकार और गायक हेमन्त कुमार की पुण्यतिथि है। उनका निधन 26 सितम्बर 1989 को हुआ था। संजोग से उनमें निधन के समाचार की पेपर कटिंग मुझे मेरी फाइलों में मिली है, साझा कर रहा हूँ .....

हम अपने प्रिय संगीतकार व गायक हेमन्त कुमार की पुण्यतिथि पर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हैं

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर,दुर्ग छत्तीसगढ़


Wednesday, September 18, 2019

क्या जाने कितने दिन बाकी - अरुण कुमार निगम

गीत - "क्या जाने कितने दिन बाकी"

क्या जाने कितने दिन बाकी
छक कर आज पिला दे साकी।।

आगे पीछे चले गए सब, मधुशाला में आने वाले
धीरे-धीरे मौन हो गए, झूम-झूम के गाने वाले।
अपनी बारी की चाहत में, बैठा हूँ मैं भी एकाकी।।
क्या जाने कितने दिन बाकी
छक कर आज पिला दे साकी।।

जाने वाले हर साथी को, घर तक है मैंने पहुँचाया
जर्जर काया पग डगमग थे, फिर भी मैंने फर्ज निभाया।
आने वाले को जाना है, रीत यही तो है दुनिया की।।
क्या जाने कितने दिन बाकी
छक कर आज पिला दे साकी।।

गीतकार - अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर, दुर्ग. छत्तीसगढ़

Sunday, September 8, 2019

छोटी सी ग़ज़ल - अरुण कुमार निगम

चुटकुलों से हँसाने लगे हैं।
मंच पे खूब छाने लगे हैं।।

इल्म तो है नहीं शायरी का।
खुद को ग़ालिब बताने लगे हैं।।

हुक्मरानों पे पढ़ के कसीदे।
खूब ईनाम पाने लगे हैं।।

मसखरे लॉबियों में परस्पर।
रिश्ते-नाते निभाने लगे हैं।।

जुगनुओं की हिमाकत तो देखो।
आँख "अरुण" को दिखाने लगे हैं।।

- अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर,दुर्ग, छत्तीसगढ़