Followers

Showing posts with label ढाई आखर प्याज का ......... Show all posts
Showing posts with label ढाई आखर प्याज का ......... Show all posts

Wednesday, August 28, 2013

ढाई आखर प्याज का ........



(चित्र गूगल से साभार)

मंडी की छत पर चढ़ा ,  मंद-मंद  मुस्काय
ढाई आखर प्याज का, सबको रहा रुलाय ||

प्यार जताना बाद में  , ओ मेरे सरताज
पहले लेकर आइये, मेरी खातिर प्याज ||

बदल   गये   हैं   देखिये  , गोरी   के   अंदाज
भाव दिखाये इस तरह ,ज्यों दिखलाये प्याज ||

तरकारी बिन प्याज की, ज्यों विधवा की मांग
दीवाली   बिन   दीप   की  या  होली बिन भांग ||

महँगाई  के  दौर  में  ,हो सजनी नाराज
साजन जी ले आइये, झटपट थोड़े प्याज ||

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर,दुर्ग (छत्तीसगढ़)
शम्भूश्री अपार्टमेंट, विजय नगर, जबलपुर (मध्यप्रदेश)