Followers

Thursday, December 15, 2011

करेला



त्वचा-खुरदरी, कड़ुआ स्वाद
गुण के  कारण आये याद.
अवगुण पर गुण होते भारी
सिद्ध करे  इसकी  तरकारी.

स्वादिष्ट, पौष्टिक है सब्जी
खाकर  देखें इसकी भुरजी.
कोई  भरवाँ   इसे  बनाये
मेहमानों  में  शान  बढ़ाये.

फिर  भी  चाहने वाले चंद
लेकिन  यह  है  फायदेमंद.
औषधीय गुण  का  भंडार
करे  त्वचा के  दूर विकार.

यह  कितना ज्यादा उपयोगी
जाने   मधुमेह  के   रोगी.
यह  है एक  एंटीऑक्सीडेंट
बढ़ाये मेटाबोलिजम  परसेंट.

पेट के कीड़ों का  यह नाशक
भूख बढ़ाये , है  अति पाचक.
पत्ते ,  बीज  सभी गुणकारी
करें  दूर  ये  कई  बीमारी.

प्रकृति के संग शक्ति बढ़ाना
सब्जी, फल अनमोल खजाना.
रंगरूप  पर  कभी न जाना
गुणीजनों  से प्रीत  बढ़ाना.


अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग ( छत्तीसगढ़ )
विजय नगर , जबलपुर ( मध्य प्रदेश )

Wednesday, December 14, 2011

टमाटर


लाल लाल और गोल टमाटर
गुण में है अनमोल टमाटर.
हर सब्जी  में  डाला जाता
सबके मन को खूब सुहाता.

हरी मिर्च, लहसुन औ धनिया-
के संग पीसो चटनी बढ़िया
या सलाद में डाल के खाओ
चाहे  इसका  सूप  बनाओ.

उपयोगी और गुणकारी है
दूर  करे कई  बीमारी है.
गुर्दे के रोगों में हितकर
पाचन-शक्ति बनाये बेहतर.

विटामिन ’, सी उपयोगी
तन को रखते सदा निरोगी.
साइट्रिक और मैलिक एसिड
मिलकर काम करे एंटासिड.

अधिक पके और लाल टमाटर
खायें और भगायें  कैंसर.
इसके रस से रूप निखरता
मोटापा भी दूर ये करता.

बड़ा लाभकारी है  टमाटर
प्रकृति की अनमोल धरोहर.
आओ  इसके लाभ उठायें
और टमाटर प्रतिदिन खायें.

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग ( छत्तीसगढ़ )
विजय नगर , जबलपुर ( मध्य प्रदेश )

Sunday, December 11, 2011

गाजर...


ठंडी का है मौसम छाया
हल्वा खाने मन ललचाया
बिट्टू लेकर गाजर आया
मम्मी से हल्वा बनवाया.

कद्दूकस में गाजर को किस
खोवा,दूध औ काजू किसमिस
पलभर में तैयार है हल्वा
बहुत खूब बिट्टू का जल्वा.

पापा जी जब हल्वा खाये
गुण गाजर के यूँ बतलाये
, बी, सी, डी,, जी और के
विटामिन ये सब गाजर के.

रक्त, नेत्र की ज्योत बढ़ाये
यह शक्ति का स्त्रोत बढ़ाये
कच्ची गाजर भी गुणकारी
दूर करे ये  कई  बीमारी.

पाचन तंत्र की करे सफाई
पेट के कीड़े मरते भाई
लाल और केसरिया रंग है
यह सलाद का प्रमुख अंग है.
इसमें  होता  बिटा कैरोटिन
कैंसर से जो बचाता हर छिन
कैल्सियम भी पाया जाता
जो हड्डी मजबूत बनाता.

दिल की धड़कन तेज हो जायें
गाजर   थोड़ा भून के  खायें
बवासीर,  सूजन ,  दुर्बलता
पथरी का भी नाश ये करता.

पैक्टीन -फाइबर भी सम्मिलित
जो राखे  कोलेस्ट्राल संतुलित
एंटी  -  आक्सीडेंट  हितकारी
त्वचा सदा  रहती  सुकुमारी.

सर्दी आई , गाजर खाओ
खाओ और खिलाते जाओ
सेहत अपनी खूब बनाओ.
अपने मित्रों को बतलाओ.

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग ( छत्तीसगढ़ )
विजय नगर , जबलपुर ( मध्य प्रदेश )


Saturday, December 10, 2011

पालक................


हरी-हरी पालक की भाजी
हर मौसम में मिलती ताजी.
कच्ची पालक लगती खारी
नमक की मात्रा होती भारी.

इसमें नमक जरा कम डालें
कुदरती नमक का लाभ उठालें.
विटामिन ए, बी, सी वाली
चेहरे पर लाती है लाली.

लौह कैल्शियम लवण भरे हैं
गुणकारी कई तत्व खरे हैं
प्रचुर मात्रा में है पानी
भैया पालक है वरदानी.

कील मुहासों को कम करती
त्वचा कांतिमय खूब निखरती.
इसे टमाटर के संग खायें
और शरीर में रक्त बढ़ायें.

कच्ची पालक भी हितकारी
पालक का रस है गुणकारी.
इसका रस है पोषणकर्ता
संक्रामक रोगों को हरता.

बालों को झड़ने से रोके
देह में शक्ति रखे संजोके.
पेट आँत की करे सफाई
पालक का रस है सुखदाई.

पालक की सब्जी मन भाये
स्वस्थ रखे और भूख बढ़ाये.
रुचिकर और शीघ्र पाचक है.
पालक सचमुच ही पालक है.

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग ( छत्तीसगढ़ )
विजय नगर , जबलपुर ( मध्य प्रदेश )

Friday, December 2, 2011

हरी मिर्च.......

हरी मिर्च की छबि निराली
बड़ी चुलबुली नखरे वाली.
चिकनी हरी छरहरी काया
रूप देख कर मन ललचाया.

ज्योंहि मुँह से इसे लगाया
सी सी सी सी कह चिल्लाया.
पानी पीकर शक्कर खाई
तब जाकर राहत मिल पाई.

मिर्ची बिन सब्जी तरकारी
स्वादहीन हो जाए बेचारी.
चटनी चाट कचौड़ी फीकी
जबतक मिर्ची ना हो तीखी.

तरुणाई तक हरा रंग है
ढली उमरिया लाल बम्ब है.
शिमला मिर्च है गूदे वाली
मिर्च गोल भी होती काली.

हरी मिर्च दिखलाती शोखी
लाल मिर्च लगती है चोखी
शिमला मिर्च बदन से मोटी
काली मिर्च औषधि अनोखी.

भिन्न-भिन्न है इसकी किस्में
विटामिन - सी होता  इसमें.
इसके गुण का ज्ञान है जिसमें
विष हरने के करे करिश्में.

सब्जी में यह डाली जाए
कोई इसको तल कर खाए
जब अचार के रूप में आए
देख इसे मुँह पानी आए.

हरी मिर्च की चटनी बढ़िया
गर्म-गर्म हो मिर्ची भजिया
फिर कैसे ना मनवा डोले
फूँक के खाए हौले-हौले.

खाने में तो काम है आती
कभी मुहावरा भी बन जाती.
मिर्च देख कर प्रीत जगी है
काहे तुझको मिर्च लगी है.

फिल्मी गीतों में भी आई
छोटी सी छोकरी नाम लाल बाई
इच्च्क दाना बिच्चक दाना
याद आया वो गीत पुराना ?

नीबू के संग कैसा चक्कर
जादू – टोना, जंतर – मंतर
धूनी में जब डाली जाए
बड़े-बड़े यह भूत भगाए.

मिर्च बड़ी ही गुणकारी है
तीखी है लेकिन प्यारी है
लेकिन ज्यादा कभी न खाना
कह गए ताऊ , दादा , नाना.

अति सदा होता दु:खदाई
सेवन कम ही करना भाई.
रखिए बस व्यवहार संतुलित
मन को कर देगी ये प्रमुदित.

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग ( छत्तीसगढ़ )
विजय नगर , जबलपुर ( मध्य प्रदेश )